Friday 8 February 2013

'सपने में भी नहीं सोचा था, नासा जाएंगी हम'

 


हिसार.हिसार की इंदु शर्मा और चांदनी अमेरिका के कैनेडी स्थित नासा सेंटर में शैक्षणिक भ्रमण के लिए जाएंगी। दोनों छात्राओं के आने जाने खर्च को कल्पना चावला ग्रुप ऑफ कॉलेजिज वहन करेगा वहीं वहां रहने की व्यवस्था नासा ने की है।
26 जुलाई से लेकर 30 जुलाई तक इंदु और चांदनी नासा के सेंटर में रहकर वहां की वैज्ञानिक गतिविधियों व शोध से रूबरू होंगी। इंदु और चांदनी का कहना है यह अद्भुत होगा कि जहां कल्पना चावला ने काम किया है उसी के नाम पर स्थापित कॉलेज में पढ़ते हुए उन्हें नासा जाने का मौका मिला।
कल्पना चावला ग्रुप ऑफ कॉलेजिज अब हर वर्ष दो स्टूडेंट्स को नासा में अंतरिक्ष शोध की जानकारी के लिए भेजेगा। कल्पना चावला कॉलेज की दोनों छात्राएं नासा के कैनेडी स्थित एजुकेशन रिसोर्स सेंटर में चार दिन की वर्कशॉप में शामिल होंगी।

वर्कशॉप में इंदु और चांदनी को अंतरिक्ष विज्ञान पर हुए अब तक शोधों और नवीन जानकारियों से अवगत करवाया जाएगा। वर्कशॉप में दोनों नासा के अपोलो चंद्र अभियान, स्काई लैब अंतरिक्ष स्टेशन और अंतरिक्ष शटल आदि पर जानकारियां हासिल करेंगी।। सेंटर में उन्हें तमाम जानकारियां ऑडियो-विजुअल व मुद्रित सामग्री द्वारा प्रदान की जाएंगी।
सपने में भी नहीं सोचा था, नासा जाएंगी हम
नासा के लिए चयनित होने पर कॉलेज की दोनों छात्राएं बेहद रोमांचित हैं। छात्राओं ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन उन्हें नासा में जाने का मौका मिलेगा। कॉलेज ने उन्हें जो मौका उपलब्ध करवाया है वह एक सपने का साकार होने जैसा है। हम इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगी।

No comments:

Post a Comment